रिपोर्ट: आदित्य मिश्रा
उत्तर प्रदेश एम्प्लॉयमेंट मिशन के तहत गुरुवार को अमेठी के गवर्नमेंट वुमेंस पॉलिटेक्निक में एक जिला स्तरीय मेगा जॉब फेयर आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना था। इस आयोजन का संचालन जिला रोजगार कार्यालय और गवर्नमेंट वुमेंस पॉलिटेक्निक ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में कुल 714 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जिनमें से 395 उम्मीदवारों का चयन विभिन्न कंपनियों द्वारा किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अमेठी ब्लॉक प्रमुख घनश्याम चौरसिया विशिष्ट अतिथि रहे। दोनों अधिकारियों ने युवाओं को अपनी योग्यता और कौशल का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने और भविष्य संवारने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रमुख कंपनियों ने किया युवाओं का चयन
भर्ती अभियान में टाटा मोटर्स, अमेज़न, जेप्टो, आदित्य बिड़ला और अशोक लीलैंड जैसी कई प्रमुख कंपनियां शामिल हुईं। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने उम्मीदवारों की योग्यता और पेशेवर मानकों के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की। जिला रोजगार अधिकारी अनुभव त्रिपाठी ने बताया कि युवाओं को प्रतिष्ठित फर्मों से जोड़ने के लिए इस मेले का आयोजन किया गया था।
गवर्नमेंट वुमेंस पॉलिटेक्निक की लेक्चरर और टीपीओ अंजली द्विवेदी ने स्किल डेवलपमेंट मिशन के साथ इस आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम की सफलता में स्किल डेवलपमेंट एमआईएस मैनेजर संदीप सिंह के साथ स्टाफ सदस्य मृत्युंजय तिवारी, कन्हैया लाल, अजय, संदीप गोस्वामी, अभिजीत, रोहित और पूजा का सहयोग रहा।
इस मौके पर गवर्नमेंट वुमेंस पॉलिटेक्निक की प्रिंसिपल रश्मि शुक्ला, विभागाध्यक्ष आरती गुप्ता, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि और संस्थान के अन्य अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन गीतिका गर्ग ने किया।









