रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर, बाराबंकी। ग्राम पंचायत अल्लापुर रानीमऊ में ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के अंतर्गत पंचायत भवन परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान अर्चना शर्मा ने की। इसमें प्रधान पति ब्रजेश वर्मा सचिव विजय कुमार, पंचायत सहायक तरन्नुम नाज, पंचायत सदस्य, गणमान्य नागरिकों व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।बैठक में गांव की आगामी वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने के साथ ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं पर चर्चा की गई। जीपीडीपी के राज्य प्रशिक्षक डॉ. वीरेंद्र त्यागी व डॉ. विनय कुमार पाण्डेय ने ग्रामीणों को योजना की महत्ता एवं पंचायत स्तर पर विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना गांव की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का माध्यम है।बैठक में बारात घर निर्माण, अन्तेष्टि स्थल विकास, सामुदायिक शौचालय निर्माण, महिलाओं के लिए कुटीर उद्योगों को बढ़ावा, सार्वजनिक स्थलों पर सोलर लाइट व सीसीटीवी कैमरे लगाने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, नाली व सड़क निर्माण तथा सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण जैसे प्रस्तावों को योजना में शामिल किया गया।ग्रामीणों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, महिला सशक्तिकरण व रोजगार से जुड़े सुझाव भी रखे। ग्राम प्रधान अर्चना शर्मा ने कहा कि पंचायत विकास में ग्रामीणों की सहभागिता सर्वोपरि है तथा गांव को स्वच्छ, सुरक्षित व आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।






























