रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर, बाराबंकी। भतीजी की शादी के लिए घरेलू गैस सिलेंडर लेने के प्रयास में एक युवक को अधिकारियों से शिकायत करना भारी पड़ गया। तहसील में शिकायत करने पहुंचे युवक को पुलिस थाने ले गई। हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया, लेकिन समय पर सिलेंडर नहीं मिल सका। उधर, मामले की जांच में अनियमितता मिलने पर जिला प्रशासन ने गैस एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।थाना क्षेत्र के ग्राम बड़नपुर निवासी शिवमोहन ने बताया कि उसकी भतीजी अनीता की शादी बुधवार को थी। अनीता के पिता की मृत्यु हो चुकी है, ऐसे में शादी की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी। उसने परिवार की चार-पांच गैस किताबों से सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन डीएसी नंबर आने के बावजूद कई दिनों तक सिलेंडर नहीं मिला।पीड़ित के अनुसार मंगलवार को वह बरुआ नरेंद्रपुर स्थित लोधेश्वर इंडियन गैस एजेंसी पहुंचा तो कार्यालय बंद मिला। फोन पर संपर्क करने पर भी सिलेंडर देने से मना कर दिया गया। इसके बाद वह अन्य उपभोक्ताओं के साथ तहसील पहुंचकर एसडीएम से शिकायत करने लगा।आरोप है कि शिकायत सुनने के बाद पुलिस बुलाकर उसे थाने भेज दिया गया। कुछ देर बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया। घटना के बाद अन्य उपभोक्ता भी वहां से चले गए।मामले की जानकारी मिलने पर तहसील प्रशासन की टीम ने गैस एजेंसी पहुंचकर जांच की। खाद्य पूर्ति निरीक्षक अनुज कुमार सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है तथा शिवमोहन को दूसरी एजेंसी से सिलेंडर उपलब्ध करा दिया गया।बताया गया कि क्षेत्र में लंबे समय से एजेंसी की वितरण व्यवस्था को लेकर उपभोक्ता परेशान थे। बुकिंग के 20 से 25 दिन बाद भी डीएसी नंबर जारी नहीं हो रहे थे। लगातार शिकायतों के बाद ऑयल कंपनी और पूर्ति विभाग की टीम ने नायब तहसीलदार की मौजूदगी में जांच की, जिसमें स्टॉक में भारी गड़बड़ी पाई गई।जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। खाद्य पूर्ति निरीक्षक अनुज सिंह की तहरीर पर स्थानीय थाने में देर शाम मुकदमा दर्ज कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक ने इसकी पुष्टि की।






























