रिपोर्ट:- विवेक शुक्ला
रामनगर बाराबंकी:- ससुराल जाने से मना करने पर पति का गुस्सा इस कदर भड़का कि उसने पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने भाग रहे आरोपी पति को घेरकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को सीएचसी रामनगर ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना क्षेत्र के रामपुरखर्गी गांव निवासी रामकुमार की पुत्री विनीता की शादी वर्ष 2025 में लखनऊ के सेमरा निवासी सचिन के साथ हुई थी। विनीता के मुताबिक करीब दो सप्ताह पहले पति पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद वह मायके आ गई थी। करीब चार दिन बाद सचिन भी उसे लेने मायके पहुंचा और तभी से वहीं रुका था। बुधवार को विनीता के परिजन किसी काम से घर से बाहर गए थे। इसी दौरान सचिन ने पत्नी से घर चलने को कहा। विनीता ने पहले भोजन करने और शाम को ससुराल जाने की बात कही। इसी बात पर सचिन भड़क गया और पत्नी के साथ मारपीट करने के बाद चाकू से कई वार कर दिए। हमले में विनीता गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई।
वारदात के बाद आरोपी घर से भागने लगा। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को सीएचसी पहुंचाया और आरोपी सचिन को हिरासत में लेकर थाने ले गई। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने विनीता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।


























