रिपोर्ट रोचक अग्निहोत्री (शाहजहांपुर )
पुवायां एक तरफ घर में बच्ची के नामकरण संस्कार की खुशियां मनाई जा रही थीं वहीं कुछ ही घंटे बाद पिता की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। यह दर्दनाक हादसा शनिवार देर रात हुआ। जिसमें 26 वर्षीय सूरज सिंह की जान चली गई।जानकारी के अनुसार पुवायां क्षेत्र के गांव करनापुर निवासी देवशरण सिंह का बेटा सूरज सिंह दिल्ली में एक कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। एक साल पहले ही सूरज की शादी लखीमपुर निवासी सविता देवी से हुई थी। हाल ही में दोनों के घर बच्ची का जन्म हुआ था। इस खुशी के मौके पर सूरज करीब 15 दिन पहले अपने गांव आया हुआ था। शनिवार को घर में धूमधाम से बेटी का नामकरण संस्कार मनाया गया।
रात लगभग दो बजे नामकरण के बाद सूरज अपने गांव के दोस्तों मोनू सिंह और अमित सिंह के साथ बाइक से किसी काम से पुवायां गए थे। लौटते समय बितौनी गांव के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार के चलते बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।रात करीब ढाई बजे हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को पुवायां सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टरों ने सूरज सिंह को मृत घोषित कर दिया। सूरज की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची खुशी का माहौल मातम में बदल गया। पत्नी, माता-पिता और चार बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।हादसे में घायल मोनू और अमित को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने सूरज के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। गांव के तमाम लोग सूरज के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।