रिपोर्ट:- रीशू गुप्ता
रामसनेहीघाट बाराबंकी: तेज हवा और लगातार तीन दिनों तक हुई बारिश के बाद रामसनेहीघाट विद्युत वितरण खंड से जुड़े सैकड़ों गांवों में एक सप्ताह बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। कोटवा सड़क, सैदखानपुर, सनौली, काशीपुर, हथौंधा सहित दर्जनों गांवों और कस्बों में बिजली संकट से ग्रामीणों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
बिजली गुल होने से सबसे बड़ी समस्या पानी की खड़ी हो गई है। घरों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे समरसेबिल नहीं चल पा रहे हैं। ग्रामीणों को पीने और घरेलू इस्तेमाल के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कई परिवार दूसरे साधनों से पानी जुटाने को मजबूर हैं।
इसके अलावा मोबाइल फोन चार्ज करना भी मुश्किल हो गया है। इन्वर्टर जवाब दे चुके हैं। बिजली पर निर्भर छोटी दुकानें और अन्य कामकाज प्रभावित हैं, जबकि रात में अंधेरा रहने से लोगों को आवागमन और सुरक्षा को लेकर भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
कोटवा सड़क निवासी हुकुम वर्मा ने कहा कि बिजली न होने से सबसे ज्यादा परेशानी पानी को लेकर हो रही है। समरसेबिल बंद हैं और मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। कई दिनों से समस्या बनी हुई है, लेकिन अभी तक राहत नहीं मिली है।
सैदखानपुर निवासी सुरेश वर्मा ने बताया कि कई दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण घरों में पानी की समस्या खड़ी हो गई है। मोबाइल चार्ज करने से लेकर घरेलू कामकाज तक प्रभावित हैं। रात में अंधेरा रहता है और बच्चों व बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। विभाग को जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करनी चाहिए।
काशीपुर निवासी अंकुर पांडे ने बताया कि लगातार बिजली कटौती से ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो गई है। पानी की व्यवस्था से लेकर बच्चों की पढ़ाई और जरूरी घरेलू काम तक प्रभावित हैं। ग्रामीण लंबे समय से बिजली बहाली का इंतजार कर रहे हैं।
राम गोपाल वर्मा, सनी निगम, संतोष, विनोद सिंह ,राजीव पांडे,मो कय्यूम सहित अन्य लोगो ने विद्युत विभाग से क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों, खंभों और अन्य विद्युत उपकरणों की तत्काल मरम्मत कराकर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की टीमें गांवों में पहुंचकर खराबी को चिह्नित करें और युद्धस्तर पर काम कर जल्द से जल्द बिजली चालू कराई जाए, ताकि पानी का संकट खत्म हो और लोगों को रोजमर्रा की परेशानियों से राहत मिल सके। यह भी मांग की है कि जब तक स्थायी मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए आवश्यक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
रामसनेहीघाट विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता विमलेश कुमार ने बताया कि तेज हवा और बारिश से कई स्थानों पर विद्युत लाइनों व पोलों को नुकसान पहुंचा है। विभाग की सभी टीमें और कर्मचारी लगातार मौके पर लगकर आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं। प्राथमिकता के आधार पर खराबियों को दूर कराया जा रहा है। जल्द से जल्द सभी प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।


























