रिपोर्ट:- रीशू गुप्ता
रामसनेहीघाट बाराबंकी :सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार सुबह आठ बजे एल्गिन ब्रिज पर नदी का जलस्तर 106.300 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 106.070 मीटर से ऊपर है। पानी कई गांवों में पहुंचने से फसलों को नुकसान हुआ है।
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए तहसील प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। तहसीलदार शशांक नाथ उपाध्याय ने बाढ़ प्रभावित गांवों का जायजा लेकर ग्रामीणों से समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने राहत सामग्री और भोजन समय से पहुंचाने के निर्देश दिए। राहत के लिए आए भोजन को खुद चखकर उसकी गुणवत्ता भी परखी।
एसडीएम वृजेंद्र उपाध्याय, तहसीलदार शशांक नाथ उपाध्याय व राजस्व विभाग की टीमें लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रही हैं। प्रशासन ने सभी टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।























