रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर (बाराबंकी)। बाराबंकी-लखनऊ हाईवे पर असैनी मोड़ के पास एलपीजी टैंकर में गैस रिसाव होने से बुधवार को अचानक लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। इस आपात स्थिति में रामनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हालात को संभालने में अहम भूमिका निभाई।करीब दो घंटे से अधिक समय तक कोतवाल अनिल कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ स्वयं बुढ़वल चौराहे पर डटे रहे और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाई। पुलिस ने लखनऊ की ओर जाने वाले छोटे वाहनों को फतेहपुर मार्ग से डायवर्ट कर दिया, जिससे आम यात्रियों को काफी राहत मिली।वहीं, हाइट गेज लगे होने के कारण भारी वाहनों को हाईवे पर ही रोककर व्यवस्थित कतार में खड़ा कराया गया। इससे अव्यवस्था और संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को काफी हद तक टाल दिया गया। पुलिस द्वारा भारी वाहनों को नियंत्रित ढंग से खड़ा कराना और छोटे वाहनों को सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराना सराहनीय कदम रहा।इस दौरान उपनिरीक्षक सत्रोहन, कांस्टेबल सुजीत यादव सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहा और लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखी। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने रामनगर पुलिस की इस मुस्तैदी और सूझबूझ की खुलकर सराहना की।पुलिस के अनुसार जाम खुलने के बाद भारी वाहनों को क्रमबद्ध तरीके से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा। विपरीत परिस्थितियों में रामनगर पुलिस की सक्रियता ने यातायात व्यवस्था को बिगड़ने से बचा लिया और लोगों को बड़ी परेशानी से राहत दिलाई।






























