रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
रामनगर, बाराबंकी।सुरवारी गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में चल रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस विशेष शिविर के पांचवें दिन सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण और प्रार्थना के साथ हुई।प्रथम इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ओम कुमार वर्मा ने सहायक राजेश कुमार यादव के साथ ग्राम लालूपुर में स्लोगन और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। वहीं द्वितीय इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आलोक कुमार राय ने सहायक अरविंद कुमार यादव के साथ ग्रामीणों को जागरूक करने की पहल की।बौद्धिक सत्र में मुख्य अतिथि अधिवक्ता रजत बहादुर वर्मा ने स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से सीट बेल्ट और हेलमेट का हमेशा उपयोग करने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान डॉ. ओम कुमार वर्मा ने “प्रेम” की व्याख्या करते हुए कहा कि यह जीवन का आधारभूत मानवीय भाव है, जो मानसिक शांति और संतुलन के लिए आवश्यक है। वहीं डॉ. आलोक कुमार राय ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना “मैं नहीं, बल्कि आप” की भावना के साथ सेवा, नेतृत्व और निस्वार्थता विकसित करती है।शिविर के अंतर्गत सड़क सुरक्षा रैली भी निकाली गई, जिसमें स्वयंसेवकों ने बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चला रहे लोगों को रोककर समझाया और उन्हें गुलाब का फूल भेंट कर “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” का संदेश दिया।इस अवसर पर ग्राम प्रधान लवलेश कुमार वर्मा, मोहम्मद इम्तियाज अहमद, डॉ. विनोद चक्रवर्ती, उस्मान मास्टर, कृष्ण कुमार पटेल, भोला सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्वयंसेविकाओं सोनम कन्नौजिया और शिवानी रावत ने राधा-कृष्ण पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।अंत में डॉ. आलोक कुमार राय ने अगले दिन की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा डॉ. ओम कुमार वर्मा ने अतिथियों का आभार व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन किया।






























