रिपोर्ट रोचक अग्निहोत्री (शाहजहांपुर )
जनपद के तिलहर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली तीन बच्चों की मां ने अपने प्रेम संबंधों के चलते पति को छोड़ प्रेमी युवक के साथ रहने का निर्णय लिया है। मामला उस वक्त सामने आया जब विवाहिता अचानक बच्चों को लेकर मायके जाने की बात कहकर घर से निकली और फिर 11 मई को प्रेमी युवक के साथ चली गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के पति और उसकी मां ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने खोजबीन शुरू की और युवक के परिजनों की मदद से विवाहिता को बरेली जिले के आंवला क्षेत्र से बरामद कर बृहस्पतिवार को थाने लाई।
थाने में महिला के पति और परिजनों ने उसे काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने प्रेमी के साथ जाने की जिद नहीं छोड़ी। उसने साफ कह दिया कि वह अब अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला बालिग है और उसने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि वह अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ रहना चाहती है। कानूनन बालिग महिला को अपनी इच्छा से कहीं भी रहने का अधिकार है, इसलिए उसे स्वतंत्र कर दिया गया।
इसके बाद महिला अपने तीनों बच्चों को साथ लेकर प्रेमी के साथ चली गई। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है, जबकि परिजन अभी भी सकते में हैं।































