भाजपा विधायक के समधी पर 25 शादियां करने का आरोप, धोखाधड़ी के मामले में FIR दर्ज !
रिपोर्ट:- राघवेन्द्र मिश्रा
सीतापुर:- उत्तर प्रदेश के सीतापुर से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी के समधी अनुज त्रिवेदी के खिलाफ धोखाधड़ी और महत्वपूर्ण जानकारी छिपाने के आरोप में FIR दर्ज होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में अनुज त्रिवेदी और उनके बेटे प्रखर त्रिवेदी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, अनुज त्रिवेदी पर महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में महिलाओं को कथित तौर पर प्रेम जाल में फंसाकर धोखाधड़ी करने और अलग-अलग पहचान के आधार पर करीब 25 शादियां करने के आरोप हैं।
विधायक ज्ञान तिवारी की ओर से आरोप लगाया गया है कि अनुज त्रिवेदी ने अपने कथित आपराधिक इतिहास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां उनके परिवार से छिपाईं।
मामले में BNS की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपों से संबंधित दस्तावेजों, पहचान और विवाह से जुड़े रिकॉर्ड समेत अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
हालांकि, 25 शादियां करने का आरोप फिलहाल जांच के दायरे में है। इसकी अंतिम पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।