अमेठी के बरियारशाह भदर स्थित SRM पब्लिक स्कूल में रविवार को समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती मनाई गई। विधायक महारानी प्रजापति के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों महिला कार्यकर्ताओं को इंडक्शन चूल्हे वितरित कर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के करीबियों, दर्जनों अधिवक्ताओं और पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्रम और इंडक्शन चूल्हे भेंट किए गए।
गरीबों के हक और विकास की बात
विधायक महारानी प्रजापति ने मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर समाज के गरीब, दलित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति और पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति को साजिश के तहत जेल भेजा गया है और उनकी रिहाई के लिए जनता से समर्थन मांगा।
महारानी देवी जनकल्याण सेवा समिति की अध्यक्ष अंकिता प्रजापति ने विरोधियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि जो लोग विधायक के कामकाज पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें पहले अपने कार्यों का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जनता विकास कार्यों का मूल्यांकन कर रही है।
युवा सपा नेता और विधायक प्रतिनिधि अनुराग प्रजापति ने कहा कि वह वंचितों की आवाज उठाकर मुलायम सिंह यादव और गायत्री प्रसाद प्रजापति की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी राजनीति का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों के सुख-दुख में साथ खड़ा होना और समाज के हाशिए पर मौजूद लोगों को सम्मान दिलाना है।
आगामी चुनावों के लिए अपील
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अरुण प्रजापति ने पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक द्वारा कराए गए विकास कार्यों पर जोर दिया। उन्होंने आगामी चुनावों में बड़ी जीत के साथ उन्हें फिर से चुनने की अपील की।
कार्यक्रम में सुधा प्रजापति, प्रोफेसर रूदल यादव और सरिता सिंह ने भी भाषण दिए, जबकि संचालन सपा नेता रामचंद्र यादव ने किया। इस मौके पर बबलू यादव, हरीराम यादव एडवोकेट, डब्लू पाल, धीरज पाल, महावीर कश्यप, श्रीनाथ यादव, राहुल करण कनौजिया, अवनीश कुमार, संदीप श्रीवास्तव और हजारों पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।









