सफेदाबाद से लखनऊ भेजी जा रही थी यूरिया, वैध दस्तावेज न मिलने पर कार्रवाई !पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, पिकअप वाहन कब्जे में लेकर जांच शुरू !
पत्रकार राघवेन्द्र मिश्रा (एडिटर)
बाराबंकी:- जिले में किसानों के लिए निर्धारित यूरिया खाद की कथित कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। जिला कृषि अधिकारी राजित राम वर्मा की शिकायत पर कोतवाली नगर पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोपनीय सूचना के आधार पर सफेदाबाद ओवरब्रिज के पास एक पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई। वाहन से 85 बोरी इंडोरामा #यूरिया बरामद हुई, लेकिन चालक और संबंधित व्यक्तियों द्वारा खाद के परिवहन से जुड़े कोई वैध बिल, चालान अथवा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कृषि अधिकारी राजित राम वर्मा ने पुलिस टीम के साथ जरंगावां स्थित मेसर्स_मां_दुर्गा_किसान_सेवा_केंद्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान और गोदाम में उपलब्ध स्टॉक तथा बिक्री अभिलेखों में अनियमितताएं पाई गईं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर प्रशासन ने दुकान और गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
जांच में यह भी सामने आया कि IFMS पोर्टल पर दर्ज बिक्री विवरण और विक्रेता द्वारा दी गई जानकारी में अंतर है। इसके चलते विक्रेता, कथित खरीदार तथा पिकअप #चालक की भूमिका संदिग्ध मानते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा संख्या 469/2026 दर्ज कर उपनिरीक्षक आलोक कुमार सिंह को विवेचना सौंप दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
































