रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
रामनगर (बाराबंकी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामनगर में शुक्रवार को मासिक स्वच्छता दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रणव कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता एवं निर्देशन में संपन्न हुआ। इस दौरान गांवों में संचालित जन आरोग्य मंदिरों तथा गणेशपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रणव कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मासिक स्वच्छता महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता संबंधी सही जानकारी और जागरूकता के माध्यम से अनेक गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं से मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा नियमित रूप से सेनेटरी पैड का उपयोग करने की अपील की।कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को मासिक स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सेनेटरी पैड वितरित किए। साथ ही मासिक धर्म से जुड़े मिथकों और भ्रांतियों के बारे में जानकारी देकर स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला गया।वहीं जन आरोग्य मंदिरों पर आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों को मासिक स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं संक्रमण से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।कार्यक्रम का संचालन राम अनुज सिंह एवं समीर अहमद ने किया। इस अवसर पर डॉ. दिव्या, डॉ. प्रियंका, साकेत वाजपेयी, नीलम सिंह, नीलू, यशपाल सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।































