हरिशंकरी रोपण अभियान को लेकर रामनगर ब्लॉक सभागार में हुई महत्वपूर्ण बैठक !
रिपोर्ट:- विवेक शुक्ला
बाराबंकी :- जिला प्रशासन एवं लोक भारती के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 24 सितम्बर को पूरे जनपद में एक साथ आयोजित होने वाले हरिशंकरी रोपण अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से ब्लॉक रामनगर सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की समस्त ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान/प्रशासक, सचिव, क्षेत्र पंचायत सदस्य, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में लोक भारती के हरिशंकरी रोपण अभियान के जिला संयोजक श्री भरत लाल सिंह जी ने हरिशंकरी पौध पीपल, बरगद एवं पाकड़ के रोपण की वैज्ञानिक एवं पारंपरिक विधि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन तीनों वृक्षों का एक साथ रोपण पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों में अभियान को व्यापक रूप से पहुंचाने और लोगों को पौधों के संरक्षण के लिए जागरूक करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी रामनगर श्री देवेंद्र प्रताप सिंह जी ने सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं सचिवों को आश्वस्त किया कि विकासखंड की प्रत्येक ग्राम पंचायत में हरिशंकरी रोपण को प्राथमिकता देते हुए अभियान को सफल बनाया जाएगा। उन्होंने सभी से अपनी-अपनी ग्राम पंचायत में हरिशंकरी रोपित करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
लोक भारती रामनगर के ब्लॉक संयोजक श्री मोनू भास्कर ने जिला संयोजक श्री भरत लाल सिंह जी को आश्वस्त करते हुए अपने संबोधन में कहा कि 24 सितम्बर को प्रत्येक ग्राम पंचायत में हरिशंकरी रोपण को एक पर्व के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि प्रत्येक ग्राम पंचायत में हरिशंकरी के पौधे रोपित होकर आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण संरक्षण का मजबूत आधार तैयार कर सकें।
बैठक में उपस्थित सभी ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, सचिवों, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों ने 24 सितम्बर के हरिशंकरी रोपण अभियान को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया।
बैठक में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही और पूरे क्षेत्र में हरिशंकरी रोपण अभियान को जन-अभियान बनाने का संदेश दिया गया।
























