शिकायतों और अनियमितताओं पर शिव आयुर्वेदिक सेंटर सील !
रिपोर्ट:- विवेक शुक्ला
रामनगर, बाराबंकी :- सीएचसी रामनगर के अंतर्गत त्रिलोकपुर कस्बे में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लिनिकों और निजी अस्पतालों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान शिव आयुर्वेदिक एंड वेलनेस सेंटर में अनियमितताएं मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने सेंटर को सील कर दिया।
सीएचसी अधीक्षक प्रणव कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न क्लिनिकों और निजी अस्पतालों की व्यवस्थाओं व अभिलेखों की जांच की। अधीक्षक के अनुसार, सेंटर को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर जांच की गई, जिसमें अनियमितताएं पाए जाने पर नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की गई।
अन्य क्लिनिकों पर भी होगी जांच स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद निजी क्लिनिक संचालकों में खलबली मच गई। सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि क्षेत्र में संचालित अन्य क्लिनिकों और निजी अस्पतालों की भी जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।