*रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जिलाधिकारी को राखी बांधी केजीबीवी बालिकाए*
रिपोर्ट:- राहुल त्रिपाठी
बाराबंकी:- रक्षाबंधन के पावन पर्व पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय करपिया, मसौली की बालिकाओं ने जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें राखी बांधी। बालिकाओं द्वारा जिलाधिकारी को राखी बांधने का यह अवसर भावनात्मक और आत्मीयता से भरा रहा। जिलाधिकारी ने भी बालिकाओं से सहज संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई-लिखाई, विद्यालय की व्यवस्थाओं तथा खान-पान के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने बालिकाओं से पूछा कि विद्यालय में पढ़ाई कैसी चल रही है, भोजन समय से और निर्धारित गुणवत्ता के अनुसार मिल रहा है या नहीं तथा रहने-सहने में किसी प्रकार की समस्या तो नहीं है। उन्होंने बालिकाओं से कहा कि यदि विद्यालय में किसी भी प्रकार की समस्या हो तो वे बिना संकोच अपनी बात उनके सामने रखें, ताकि उसका समयबद्ध ढंग से समाधान कराया जा सके।
इस दौरान बालिकाओं ने जिलाधिकारी के समक्ष विद्यालय की कुछ आवश्यकताओं को भी रखा। बालिकाओं ने उच्चीकृत एकेडमिक भवन से हॉस्टल तक आने-जाने के मार्ग पर इंटरलॉकिंग कार्य कराए जाने का अनुरोध किया। साथ ही विद्यालय के खेल मैदान में मिट्टी पटाई कराकर उसे खेल गतिविधियों के लिए बेहतर बनाने की मांग रखी।
बालिकाओं की मांग को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने मौके पर ही ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता को उच्चीकृत एकेडमिक भवन से हॉस्टल तक इंटरलॉकिंग कार्य कराने के निर्देश दिए। खेल मैदान में मिट्टी पटाई के संबंध में उन्होंने बरसात समाप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी के तत्काल निर्देश से बालिकाओं में उत्साह दिखाई दिया।
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय करपिया, मसौली की बालिकाओं से संवाद के दौरान जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली बालिकाओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने बालिकाओं की सफलता पर उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिलाधिकारी ने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण के साथ-साथ आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा बालिकाओं की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा पुनीत मणि त्रिपाठी, वार्डेन विभा मिश्रा, शिक्षिका आरती मिश्रा सहित केजीबीवी मसौली की बालिकाएं उपस्थित रहीं। जिलाधिकारी के साथ हुए आत्मीय संवाद और उनकी समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लिए जाने से बालिकाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
























