रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
रामनगर, बाराबंकी। थाना क्षेत्र में बाइक चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। लोधेश्वर महादेवा मेला परिसर से स्वास्थ्य शिविर में ड्यूटी करने पहुंचे कर्मचारी की बाइक चोरी हो गई। वहीं सुढ़ियामऊ कस्बे में दुकान के बाहर खड़ी बाइक भी अज्ञात चोर लेकर फरार हो गया। लगातार हुई दोनों घटनाओं से पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।असंद्रा थाना क्षेत्र के जमलापुर निवासी राम मिलन पुत्र संतू 16 अगस्त को लोधेश्वर महादेवा मेले में स्वास्थ्य शिविर में फार्मासिस्ट के पद पर दोपहर दो से शाम आठ बजे तक ड्यूटी कर रहे थे। ड्यूटी समाप्त होने के बाद बाहर पहुंचे तो उनकी स्प्लेंडर प्लस बाइक गायब थी। काफी तलाश के बाद भी बाइक का पता नहीं चला। पीड़ित ने रामनगर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।वहीं सुढ़ियामऊ कस्बा निवासी सत्यम यादव रविवार शाम चौराहे पर खरीदारी करने पहुंचे थे। उन्होंने दुकान के बाहर बाइक खड़ी की थी और चाबी बाइक में ही लगी रह गई। मौका पाकर अज्ञात चोर बाइक स्टार्ट कर फरार हो गया। घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। पीड़ित ने सुढ़ियामऊ चौकी में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।लगातार बाइक चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। लोगों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द बाइक बरामद करने की मांग की है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
























