अवैध तमंचा, नकदी, मोबाइल, चोरी के औजार और घटना में प्रयुक्त कार बरामद !
रिपोर्ट:- राघवेन्द्र मिश्रा
बाराबंकी के थाना जैदपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतर्जनपदीय शातिर चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ बिरजू रावत, रोहित उर्फ करिया उर्फ नान्हू, अवनीश वर्मा उर्फ लकी और अभिषेक यादव के रूप में हुई है। सभी आरोपी थाना मसौली क्षेत्र के ग्राम पहलीपार के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 03 सफेद धातु के 2000 रुपये के नोट, 07 मोबाइल फोन, 03 सब्बल, 01 बड़ा जैक, 01 छोटा जैक, 01 आरी मय ब्लेड, 01 बैटरी, 04 लीटर पिपरमिंट का तेल, 1,773 रुपये के सिक्के, 6,000 रुपये नकद, एक अवैध .12 बोर तमंचा मय एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई है।
राहुल उर्फ बिरजू रावत के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस मिलने पर थाना जैदपुर में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कार से विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर पहले दुकानों की रेकी करते थे। रात के समय सब्बल और आरी की मदद से दुकानों के ताले व शटर काटते थे। यदि शटर नहीं खुलता था तो जैक लगाकर उसे उठाते और दुकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी का सामान बेचकर प्राप्त रकम आपस में बराबर बांट लेते थे।