FIR दर्ज न होने पर भाकियू भानु में नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी !
रिपोर्ट:- राहुल त्रिपाठी
बाराबंकी :- मसौली थाना क्षेत्र स्थित सुरसंडा दरगाह में उस वक्त सनसनी फैल गई जब दरगाह के मुतवल्ली अली वारिस पर जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोप है कि मुतवल्ली चंदे की रकम लेकर जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट करते हुए नकदी लूट ली।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, अल्ताफ, आफताब, इम्तियाज, रईस, अशीर, नन्नू, अतीक, उमर, साबान, शमीर, निहाल समेत अन्य लोगों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। हमले में मुतवल्ली गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे भाकियू भानु के पदाधिकारी ऐतबार अली को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि उनका मेडिकल परीक्षण तो करा दिया गया, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने अब तक FIR दर्ज नहीं की है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
इस मामले पर भाकियू भानु के मंडल अध्यक्ष रवि वर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि संगठन के पदाधिकारी पर हमला किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस जल्द कार्रवाई नहीं करती है तो वे वरिष्ठ अधिकारियों से मिलेंगे और जरूरत पड़ने पर धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा।
पीड़ितों ने मांग की है कि नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।

























