विमलेश पाल हत्याकांड : जमानत के बाद परिजनों में बढ़ी चिंता, सुरक्षा और निष्पक्ष न्याय की उठी मांग
राघवेन्द्र मिश्रा (एडिटर)
नारद संवाद न्यूज़ एजेंसी
बाराबंकी। जिले के बहुचर्चित महिला सिपाही #विमलेश पाल हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है। मामले के मुख्य #आरोपी और निलंबित सिपाही #इंद्रेश मौर्य को बुधवार को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई। इस खबर के बाद मृतका के परिवार में एक बार फिर चिंता और भय का माहौल पैदा हो गया है।
परिजनों का कहना है कि जिस बेटी ने कानून की रक्षा की जिम्मेदारी निभाई, उसके हत्याकांड में अब तक पूरी सच्चाई सामने नहीं आ सकी है। आरोपी को जमानत मिलने के बाद परिवार खुद को #असुरक्षित महसूस कर रहा है।
बुधवार को मृतका के परिजनों ने अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी से मुलाकात कर न्याय और सुरक्षा की मांग की। इस दौरान उन्होंने जांच प्रक्रिया और दाखिल चार्जशीट पर भी सवाल उठाए। परिजनों का आरोप है कि केस डायरी, जीडी एंट्री और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई बिंदुओं पर विरोधाभास दिखाई देता है, जिनकी #निष्पक्ष जांच जरूरी है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष सावन मेले के दौरान महादेवा क्षेत्र में ड्यूटी पूरी कर लौट रही महिला सिपाही विमलेश पाल की हत्या कर दी गई थी। बाद में उनका शव खेत में बरामद हुआ था। इस #दर्दनाक घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था।
तत्कालीन जांच के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया था। उस समय आईजी और एसपी स्वयं अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे और परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया था।
अब आरोपी को जमानत मिलने के बाद परिवार का कहना है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे उच्च न्यायालय के बाद सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने पर मजबूर होंगे।
“बेटी को खोने का दर्द अभी कम नहीं हुआ, अब आरोपी की जमानत ने परिवार की चिंता और बढ़ा दी है।”

























