उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के मठा गांव में शुक्रवार को एक 25 वर्षीय युवक का शव उसके घर के पास एक कुएं में मिला। मृतक की पहचान उमाशंकर गोसाईं के बेटे सोनू के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच जारी है।
पत्नी से विवाद के बाद घर लौटा था सोनू
परिजनों के मुताबिक, सोनू पिछले दिन अपनी पत्नी को घर लाने के लिए उसके मायके गया था। वहां किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था। इस कारण सोनू उसी शाम अपनी पत्नी के बिना अकेला घर लौट आया था।
शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे परिजनों ने सोनू को अपने बिस्तर से गायब पाया। घर और आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद घर के पास एक कुएं के पास उसकी चप्पलें मिलीं, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई।
परिजनों ने हुक की मदद से कुएं में तलाश की, तो पानी में सोनू का शव मिला। शव मिलने की खबर से गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर भीड़ जमा हो गई। परिवार ने तुरंत पुलिस और डायल 112 को इसकी सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
थाना प्रभारी दयाशंकर मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।









