मंडलायुक्त का सख्त संदेश: पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ें, शिकायतों का हो संतुष्टि आधारित समाधान !
रिपोर्ट: के के शुक्ल
बाराबंकी, 22 सितंबर:- कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में मंगलवार को आयुक्त अयोध्या मंडल राजेश कुमार की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड एवं विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक हुई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को उसकी पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा लाभान्वित परिवारों की प्रगति की निर्धारित पोर्टल पर अनिवार्य रिपोर्टिंग करने को कहा। जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण कराने के साथ आईजीआरएस शिकायतों का वास्तविक एवं संतुष्टि आधारित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विकास परियोजनाओं की समीक्षा में बजट के अभाव में लंबित कार्यों की सूची तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया। समयसीमा पूरी होने वाली परियोजनाओं में पर्याप्त मैनपॉवर व संसाधन लगाकर कार्य तेजी से पूरा कराने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। पूर्ण परियोजनाओं व सड़कों को शीघ्र संबंधित विभागों को हस्तांतरित कराने को भी कहा।
बैठक में आवास, स्वच्छ भारत मिशन, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान कार्ड, पेंशन, सामूहिक विवाह, स्वास्थ्य एवं पोषण सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह समेत मंडल के अधिकारी मौजूद रहे।


























