2.28 करोड़ की लागत से बने नए उपनिबंधक कार्यालय का लोकार्पण !
रिपोर्ट:-रीशू गुप्ता
रामसनेहीघाट, बाराबंकी। तहसील और सीओ कार्यालय के समीप करीब 2.28 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नए उपनिबंधक कार्यालय भवन का मंगलवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। स्टांप एवं पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल और राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर भवन को जनता को समर्पित किया।
करीब 700 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बने अत्याधुनिक भवन में अभिलेखागार, उपनिबंधक कक्ष, स्टाफ रूम, कंप्यूटर कक्ष और करीब 40 लोगों की क्षमता वाला वेटिंग रूम बनाया गया है। इसके अलावा कैंटीन, शुद्ध पेयजल, शौचालय और पार्किंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। भवन में सौर ऊर्जा प्रणाली और रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था भी की गई है।
डिजिटल सुविधाओं से रजिस्ट्री प्रक्रिया होगी आसान और पारदर्शी
लोकार्पण के दौरान राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने कहा कि पंजीयन विभाग को आधुनिक तकनीक से जोड़कर सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जा रहा है। ऑनलाइन सेवाओं और डिजिटल तकनीक के विस्तार से लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार कार्यालय आने की जरूरत कम होगी।
राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि सरकार विकास कार्यों के साथ आमजन की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दे रही है। नया उपनिबंधक कार्यालय क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र साबित होगा।
समारोह में अपर महानिरीक्षक निरंजन कुमार, उप महानिरीक्षक अयोध्या जगदंबा शुक्ला, सहायक महानिरीक्षक नवीन कुमार सिंह समेत विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।