Skip to main content

Naradsamvad

[post-views]

बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत में न हो देरी : प्रभारी मंत्री !

हेतमापुर में बाढ़ चौकी व तटबंध का निरीक्षण, 500 परिवारों को बांटी गई राहत किट !

ब्यूरो रिपोर्ट राघवेन्द्र मिश्रा।

बाराबंकी, 18 अगस्त। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लेने के लिए मंगलवार को राज्य मंत्री कारागार एवं जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने तहसील रामनगर के हेतमापुर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ चौकी, हेतमापुर तटबंध और स्थायी बाढ़ शरणालय का निरीक्षण कर ग्रामीणों से संवाद किया तथा उनकी समस्याएं सुनीं। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय से राहत पहुंचाई जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

स्थायी बाढ़ शरणालय हेतमापुर में प्रभारी मंत्री ने 50 प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की। इसके अलावा राजस्व ग्राम बतनेरा के अंतर्गत कोडरी में 113, सुन्दरनगर में 90 और ललपुरवा में 138 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट दी गईं। वहीं बाबा पुरवा के 109 परिवारों को स्थानीय प्रशासन ने राहत किट उपलब्ध कराई। इस तरह मंगलवार को कुल 500 राहत किट वितरित की गईं। जिले में अब तक 1,930 राहत किट बांटी जा चुकी हैं।

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ चौकियों पर संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहें, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का तत्काल समाधान हो सके। उन्होंने पात्र लोगों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और प्रभावित परिवारों की जरूरतों का लगातार आकलन करने के निर्देश दिए।

प्रशासन की ओर से वितरित राहत किट में आटा, चावल, अरहर की दाल, चना, तिरपाल समेत रोजमर्रा की जरूरतों की 26 प्रकार की सामग्री शामिल है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए पर्याप्त भूसे की व्यवस्था भी की गई है।

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने प्रभारी मंत्री को बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था है। प्रभारी मंत्री ने राजस्व, स्वास्थ्य, पशुपालन समेत सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।

इस दौरान एमएलसी अंगद सिंह, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा, पूर्व विधायक रामनगर शरद अवस्थी, एसडीएम आकांक्षा गुप्ता, तहसीलदार विपुल सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शेखर हरायण सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

1365026
Total Visitors
error: Content is protected !!