रिपोर्ट/विवेक शुक्ला।

रामनगर, बाराबंकी। स्वतंत्रता दिवस एवं सावन माह के पावन अवसर पर श्री राम बल्लभा शरण सेवा संस्थान की ओर से शनिवार को ध्वजारोहण के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। महादेवा मंदिर जाने वाले मार्ग के किनारे ऑडिटोरियम के पास आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं और राहगीरों को पूड़ी-सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।संस्था की ओर से सुबह ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करने के बाद भंडारे की शुरुआत की गई। जैसे-जैसे महादेवा जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई, भंडारे में भी लोगों की भीड़ जुटती रही। संस्था के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं को श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया। आने-जाने वाले राहगीरों को भी रोककर प्रसाद ग्रहण कराया गया।सावन माह में लोधेश्वर महादेवा मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में महादेवा मार्ग पर आयोजित भंडारे से श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिली। लोगों ने संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से जरूरतमंदों और राहगीरों की सेवा करना समाज में आपसी सहयोग और सद्भाव की भावना को मजबूत करता है।श्री राम बल्लभा शरण सेवा संस्थान के अध्यक्ष पीके दीक्षित, कोषाध्यक्ष एवं अधिवक्ता नागेंद्र कुमार दीक्षित तथा उपाध्याय अमित पाण्डेय सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने भंडारे की व्यवस्था संभालते हुए श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में देशभक्ति के साथ धार्मिक आस्था और सामाजिक सेवा का भी संदेश देखने को मिला।























