रिपोर्ट/संदीप शुक्ला

महादेवा (बाराबंकी)। पुरुषोत्तम (अधिक) मास के चौथे सोमवार को लोधेश्वर महादेव धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रविवार रात से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो सोमवार देर शाम तक जारी रहेगा। हजारों श्रद्धालुओं ने गंगाजल, फल-फूल व पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालु “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के साथ गर्भगृह की ओर बढ़ते रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु साष्टांग दंडवत परिक्रमा करते हुए लोधेश्वर धाम पहुंचे। कठिन मार्ग और लंबी दूरी तय करने के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। जलाभिषेक और दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं के चेहरे पर संतोष और भक्ति का भाव स्पष्ट नजर आया।मंदिर प्रांगण और मेला परिसर पूरे दिन भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। विभिन्न स्थानों पर अखंड रामचरितमानस पाठ, ओम नमः शिवाय संकीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। श्रद्धालु भजन-कीर्तन में शामिल होकर शिव भक्ति में लीन रहे।श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। उपजिलाधिकारी आनंद कुमार तिवारी और क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत के निर्देशन में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापक प्रबंध किए। महादेवा चौकी प्रभारी रजनीश कुमार पांडे गर्भगृह में सुरक्षा कर्मियों के साथ श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से जलाभिषेक कराते रहे, जबकि प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।शिव अभरण सरोवर पर पीएसी की जल पुलिस भी सक्रिय रही। सुरक्षा कर्मियों ने मोटरबोट के माध्यम से सरोवर में निगरानी रखी और श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की सलाह दी। वहीं मेले में लगी दुकानों पर श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी की, जिससे पूरे दिन चहल-पहल बनी रही। मेला क्षेत्र में जगह-जगह तैनात पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था संभाले रखी।






























