
पुलिस उपमहानिरीक्षक सोमेन बर्मा ने रविवार को थाना फतेहपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया।
एडिटर जर्नलिस्ट के के शुक्ल बाराबंकी।
बाराबंकी, 10 मई। अयोध्या परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक सोमेन बर्मा ने रविवार को थाना फतेहपुर का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली को आधुनिक पुलिसिंग के मानकों पर परखा और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने अपराध नियंत्रण, विवेचनाओं की गुणवत्ता, बीट पुलिसिंग तथा डिजिटल डेटा प्रबंधन की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने मालखाना, बंदी गृह और कार्यालय अभिलेखों के रख-रखाव का निरीक्षण करते हुए लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महिला सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई। डीआईजी ने ‘मिशन शक्ति’ अभियान के अंतर्गत संचालित महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और निर्देशित किया कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों का तत्काल एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने अपराधियों के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाने पर जोर देते हुए सक्रिय अपराधियों की प्रभावी निगरानी और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
डीआईजी ने थाने की साफ-सफाई, सुरक्षा प्रबंधों तथा पुलिस कर्मियों की कार्यक्षमता का भी अवलोकन किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को तकनीकी रूप से और अधिक दक्ष बनने तथा आधुनिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय, क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगतराम कनौजिया, क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ समीर कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के बाद अधिकारियों को जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए गए।






























