रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
रामनगर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के रहटा मजरे पोखईपुरवा निवासी 34 वर्षीय युवक की रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, विक्रम गौतम (34) पुत्र रामशंकर अयोध्या में मजदूरी का काम करता था। वह किसी काम से गोण्डा गया हुआ था। रविवार रात वह गोण्डा से बस के जरिए अकेले वापस घर लौट रहा था।बताया जा रहा है कि रामनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास बस से उतरने के बाद वह गोण्डा-लखनऊ हाईवे पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सीएचसी रामनगर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






























