रामनगर (बाराबंकी)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से टिकट मिलने की उम्मीद जताते हुए बजरंग दल के पूर्व प्रदेश संयोजक सुनील सिंह ‘सेवक’ ने कहा है कि यदि पार्टी उन्हें मौका देती है तो वे रामनगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़कर क्षेत्र की जनता की पूरी निष्ठा और ईमानदारी से सेवा करेंगे।सोमवार को रामनगर में बजरंग दल कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने अपने राजनीतिक सफर और संगठनात्मक अनुभव का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वे वर्ष 2009 में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े और करीब आठ वर्षों तक संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने यह भी कहा कि श्रीराम मंदिर निर्माण के दौरान उन्हें जो जिम्मेदारियां सौंपी गईं, उनका उन्होंने पूरी निष्ठा से निर्वहन किया।सुनील सिंह सेवक ने बताया कि बाद में वे भाजपा से जुड़े और लगातार लोगों को संगठन से जोड़ने का कार्य करते रहे। उन्होंने अपने पारिवारिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि वे एक पुराने राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके ताऊ ठाकुर भगौती सिंह कजियापुर क्षेत्र में सामाजिक सेवा के लिए जाने जाते रहे हैं।उन्होंने दावा किया कि उन्होंने हमेशा पार्टी और संगठन के लिए ईमानदारी से कार्य किया है और उनके ऊपर किसी प्रकार का कोई आरोप नहीं है। उन्होंने कहा कि वे पूरी तरह से समर्पित कार्यकर्ता हैं और रामनगर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए काम करना चाहते हैं।टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने पार्टी के प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व को अपना बायोडाटा भेजकर रामनगर से चुनाव लड़ने का अवसर देने का आग्रह किया है।अंत में उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का सहयोग और जनता का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, जिसके बल पर वे क्षेत्र में बेहतर विकास कार्य कर सकते हैं।






























