जर्नलिस्ट के के शुक्ल रामनगर बाराबंकी।जनपद बाराबंकी की तहसील रामनगर अंतर्गत बहलोलपुर स्थित मां मंशा देवी शक्तिपीठ में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा और दूर-दराज के गांवों से आए श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में हाजिरी लगाई।
नवरात्र के अवसर पर आयोजित कीर्तन-भजन कार्यक्रम में गांव की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं ने मां के भजनों पर भाव-विभोर होकर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान जैसे चट देवी, संकटा की सुहागिनें, अवसान मैया की सुहागिनें (दुरदुरैया), कोछा भरना, जगराता, कन्या भोज, आरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन निरंतर किया जा रहा है।
इस पावन अवसर पर बहलोलपुर, बहलोलियापुर, लालापुरवा, खुर्दा, चौहानपुर, बबुरिहा, बुधईपुरवा सहित आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने मां मंशा देवी से अपनी मनोकामनाएं मांगी और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की।
मंदिर से जुड़े कई चमत्कारिक प्रसंग भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। बहलोलपुर निवासी राधेमोहन शुक्ला के पुत्र आदर्श शुक्ला ने मां के दरबार में प्रार्थना करने के बाद गूगल कंपनी में चयन प्राप्त किया। वहीं एक उच्च न्यायालय की अधिवक्ता को भी पुत्र रत्न की प्राप्ति का आशीर्वाद मिला। इन घटनाओं से भक्तों की आस्था और भी प्रगाढ़ हो रही है।
स्थानीय श्रद्धालु प्रतिदिन सुबह-शाम मंदिर पहुंचकर आरती में शामिल हो रहे हैं। मंदिर में श्रद्धालुओं की निरंतर बढ़ती संख्या इस बात का प्रमाण है कि मां मंशा देवी के प्रति लोगों की आस्था दिन-प्रतिदिन मजबूत होती जा रही है।
चैत्र नवरात्र के इस विशेष अवसर पर पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर है और मां के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो रहा है।































