पुलिस चौकी के सामने वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल !
रिपोर्ट:- राहुल त्रिपाठी
हैदरगढ़(बाराबंकी):- हैदरगढ़ कस्बे में टप्पेबाजों की सक्रियता से हड़कंप मच गया। लखनऊ-सुल्तानपुर रोड (एनएच-731) पर मुख्य चौराहे स्थित पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर एक दंपति टप्पेबाजी का शिकार हो गया। घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
उज्जैन के महानंदानगर निवासी राजीव मिश्रा अपनी पत्नी सरिता मिश्रा, भाई मुकेश मिश्रा, बेटे आर्यन, बेटी दिव्यांशी और चालक पवन के साथ अपने मूल निवास जलालपुर, छपरा (बिहार) जा रहे थे। रास्ते में हैदरगढ़ चौराहे के पास स्थित एक होटल में नाश्ता करने के बाद जैसे ही दंपति कार में बैठे, किसी ने कथित तौर पर उन पर स्प्रे कर दिया। इससे उनकी आंखों के सामने अंधेरा छा गया।
इसी दौरान टप्पेबाज कार की पीछे की सीट पर रखा बैग लेकर फरार हो गए। पीड़ितों के मुताबिक बैग में नकदी और जेवरात रखे थे। जब तक दंपति को घटना का एहसास हुआ, तब तक आरोपी मौके से भाग चुके थे।
पीड़ित राजीव मिश्रा ने कस्बा पुलिस चौकी प्रभारी कपिल देव यादव को घटना की सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस चौकी के सामने हुई इस वारदात ने कस्बे की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।