रामनगर थाना क्षेत्र के महादेवा चौकी के पास बृहस्पतिवार को सड़क पर अचानक आई बकरी को बचाने के प्रयास में ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल ऑटो चालक विक्रम (35) की शुक्रवार को जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
कजियापुर ग्राम पंचायत के चैनपुरवा गांव निवासी विक्रम पुत्र रामकिशुन ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बृहस्पतिवार को वह ऑटो लेकर महादेवा की ओर जा रहे थे। महादेवा चौकी के पास अचानक बकरी सड़क पर आ गई। उसे बचाने के प्रयास में ऑटो मोड़ते समय विक्रम वाहन पर नियंत्रण खो बैठे और ऑटो पलट गया।
हादसे में विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने उन्हें ऑटो से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी रामनगर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां शुक्रवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।