Skip to main content

Naradsamvad

[post-views]

रोड नहीं तो वोट नहीं,जनप्रतिनिधियों से खफा ग्रामीण, विधानसभा चुनाव में मतदान बहिष्कार की दिया चेतावनी

लहड़रा मरकामऊ संपर्क मार्ग की बदहाली पर फूटा आक्रोश, जर्जर सड़क पर प्रदर्शन कर ग्रामीणों ने उठाए दोनों हाथ।

रामनगर बाराबंकी।विकासखंड की ग्राम पंचायत लहड़रा से  मरकामऊ मार्ग को जोड़ने वाला करीब एक किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग वर्षों से बदहाली का शिकार है। सड़क की हालत से नाराज ग्रामीणों का शुक्रवार को गुस्सा फूट पड़ा। जर्जर सड़क पर एकत्र हुए ग्रामीणों ने दोनों हाथ उठाकर जोरदार प्रदर्शन किया और रोड नहीं तो वोट नहीं के नारे लगाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान के बहिष्कार की खुली चेतावनी दे दी। ग्रामीणों के इस ऐलान से जनप्रतिनिधियों के प्रति बढ़ता आक्रोश साफ दिखाई दिया।ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि सड़क निर्माण समेत विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद गांव की समस्याएं भुला दी जाती हैं। वर्षों से सड़क बदहाल है, लेकिन जिम्मेदारों की नजर में यह समस्या आज भी गंभीर नहीं है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, कीचड़ और जलभराव के कारण राहगीरों का निकलना मुश्किल है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है तथा वाहन फंसना आम बात हो गई है।ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र बाढ़ प्रभावित होने के कारण बरसात और बाढ़ के समय यह मार्ग ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन जाता है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भी रोजाना जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है।ग्राम प्रधान राजेश कुमार अवस्थी ने बताया कि समाजवादी सरकार के समय मार्ग के डामरीकरण की स्वीकृति मिली थी और सड़क पर रोड़े भी गिराए गए थे, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के नाम पर स्वीकृति और दावे तो हुए, लेकिन धरातल पर विकास दिखाई नहीं दिया।प्रदर्शन में बूथ अध्यक्ष रामकुमार तिवारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुखराज सिंह, शिवम सिंह, महेश कुमार, अंकज दीक्षित, हरिश्चंद्र पांडेय, रूपनारायण लोधी, भानु प्रसाद, दिलेराम, मनोज अवस्थी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले यदि सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो गांव के लोग मतदान केंद्र तक नहीं जाएंगे और चुनाव का बहिष्कार करेंगे।ग्रामीणों का यह ऐलान आने वाले विधानसभा चुनाव में जनप्रतिनिधियों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। वर्षों से सड़क निर्माण की मांग पूरी न होने से ग्रामीणों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी अजीत पटेल ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

1322906
Total Visitors
error: Content is protected !!