Skip to main content

Naradsamvad

श्रावण मास की तैयारियों को लेकर डीएम और एसपी ने किया लोधेश्वर महादेवा मंदिर का व्यापक निरीक्षण

Naradsamvad
Naradsamvad - Narad news Agency
4 Min Read
oplus_0

 

Ad image

 

कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि – जिलाधिकारी

 

एडिटर के के शुक्ल/चंद्रोदय अवस्थी की रिपोर्ट

बाराबंकी।श्रावण मास की शुरुआत से पहले लोधेश्वर महादेवा मंदिर, रामनगर में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने सोमवार को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण की शुरुआत महादेवा ऑडिटोरियम से हुई, जहां कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था रहती है। जिलाधिकारी ने यहां साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल तथा शौचालयों की नियमित सफाई की स्थिति की समीक्षा की और नगर पंचायत समेत संबंधित विभागों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।

बहोनिया तालाब का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने स्नान के लिए सुरक्षित इंतजाम, स्वच्छ जल, बैरिकेटिंग, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, अलग-अलग शौचालयों और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, स्नान स्थलों पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती के निर्देश भी दिए ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।मंदिर परिसर में दर्शन पथ पर चल रहे बैरिकेडिंग कार्य की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने इसकी गुणवत्ता पर असंतोष जताया और स्पष्ट निर्देश दिए कि बैरिकेडिंग मजबूत, टिकाऊ और सुरक्षित होनी चाहिए। साथ ही परिसर में पड़ी निर्माण सामग्री व मलबा हटाने तथा नियमित सफाई के लिए समर्पित कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए

सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए मंदिर परिसर सहित सभी संवेदनशील स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी निगरानी के लिए एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के निर्देश दिए गए।बिजली विभाग को परिसर और संपर्क मार्गों पर निर्बाध प्रकाश व्यवस्था, विद्युत पोलों को पॉलीथिन से ढकने और संभावित खतरे कम करने के निर्देश दिए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग से कहा गया कि संभावित भीड़ वाले सभी स्थलों पर प्राथमिक उपचार, पर्याप्त एम्बुलेंस, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और जरूरी दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करें।पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि सभी प्रमुख मार्गों पर पार्किंग स्थलों का चयन कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इन स्थलों पर जलभराव न हो, भूमि समतल रहे और वहां शौचालय, प्रकाश, पेयजल तथा सफाई की व्यवस्था रहे।कांवड़ यात्रा के रूट पर श्रद्धालुओं के लिए हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने समाजसेवियों से सहयोग की अपील की, विशेष रूप से पेयजल और जलपान जैसी सेवाओं के लिए।निरीक्षण के उपरांत महादेवा पुलिस चौकी में सभी विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रावण मास की शुरुआत से पूर्व सभी तैयारियां पूरी हो जानी चाहिए। निरीक्षण में जो भी कमियां पाई गईं, उन्हें प्राथमिकता से दूर किया जाए।पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने मेला क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण, मार्ग डायवर्जन, सीसीटीवी निगरानी, त्वरित सहायता और आपदा प्रबंधन प्रणाली को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अरुण कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) विकास त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी रामनगर विवेक शील समेत नगर पंचायत, लोक निर्माण, जल संस्थान, अग्निशमन, विद्युत, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ALSO READ  हीटवेव के खतरे में भारत के बच्चे और बुजुर्ग, जीडीपी का 4.2 प्रतिशत नुकसान
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
Account
Cart
Search
error: Content is protected !!