लखीमपुर खीरी में आयोजित गुरु गोरखनाथ हेल्थ फेयर के दौरान टीबी की जांच के लिए एक विशेष स्क्रीनिंग कैंप लगाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस कैंप में आने वाले लोगों की टीबी स्क्रीनिंग के लिए कुल 108 चेस्ट एक्स-रे किए गए।
संभावित मरीजों के बलगम (Sputum) की जांच की जाएगी और जिन लोगों में टीबी की पुष्टि होगी, उन्हें मुफ्त इलाज दिया जाएगा।
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जांच
जिला टीबी अधिकारी डॉ. प्रमोद रावत ने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में स्क्रीनिंग का काम लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और पूरा इलाज टीबी को हराने के सबसे प्रभावी उपाय हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें दो हफ्ते से ज्यादा खांसी, बुखार, वजन कम होना और भूख न लगने जैसे लक्षण दिखें, तो तुरंत जांच कराएं।
इस मौके पर डॉ. नवीन गुप्ता, PPM कोऑर्डिनेटर रंजीत कुमार, STLS संजय राय, STS नीतीश श्रीवास्तव, डॉक्टर फॉर यू से सचिन और HLFPPT से रजनी कुमारी समेत स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। टीम ने मेले में आए लोगों को टीबी के लक्षणों, बचाव, मुफ्त जांच और इलाज की जानकारी दी।









