बस्ती जिले के प्रसिद्ध अमहट घाट पर छठ महापर्व के दौरान डूबते सूरज को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। इस दौरान माहौल छठी मैया के भक्ति गीतों से सराबोर रहा और पूरे विधि-विधान से पूजा की गई।
त्योहार को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम ने अमहट घाट का निरीक्षण किया।
सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा
निरीक्षण टीम में मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव, DIG संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञानचंद गुप्ता और कीर्ति प्रकाश भारती शामिल थे। इनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, सहायक पुलिस अधीक्षक मानसी और उनकी पुलिस टीमें भी मौजूद रहीं।
अधिकारियों ने बैरिकेड्स लगाने, गोताखोरों की तैनाती, लाइटिंग, साफ-सफाई, पीने के पानी की सुविधा, चिकित्सा सहायता और ट्रैफिक मैनेजमेंट जैसे सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर इंतजामों पर फीडबैक लिया और संबंधित विभाग के प्रमुखों को जरूरी निर्देश दिए।
मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने गहरे पानी वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने और पुलिस को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। DIG संजीव त्यागी ने सुरक्षा बलों को अलर्ट रहने और भीड़ नियंत्रण पर ध्यान देने को कहा। जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना ने नगर पालिका को घाटों पर सफाई और लाइटिंग में और सुधार करने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और प्रशासन के साथ सहयोग की अपील की। मौके पर महिला कर्मियों सहित पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। श्रद्धालुओं ने प्रशासनिक तैयारियों पर संतोष जताया। इस दौरान SDO राजेश यादव, EO अंगद गुप्ता और महिला थाने की SHO डॉ. शालिनी सिंह भी मौजूद रहे।









