उत्तर प्रदेश के बहराइच में फखरपुर कस्बे के दादा मियां उर्स मेले में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ ‘जलपरी’ शो के लिए इस्तेमाल किया जा रहा कांच का टैंक अचानक टूट गया। बताया जा रहा है कि टैंक में 20,000 लीटर पानी था, जो जोरदार धमाके के साथ फट गया और कांच के टुकड़े व पानी दर्शकों पर जा गिरे।
इस हादसे में 15 लोग घायल हो गए, जिनमें चार बच्चे शामिल हैं। घायल बच्चों की पहचान आठ साल के अर्श, सात साल के बुराउ, आठ साल के अहद खान और नौ साल के मोहम्मद सादिक के रूप में हुई है। ये चारों बच्चे फखरपुर के खलेपुर गांव के रहने वाले हैं। टैंक टूटने के दौरान जलपरी का किरदार निभाने वाला कलाकार भी घायल हो गया।
अस्पताल में इलाज और जांच
इस घटना से वहां मौजूद लोगों के बीच भारी दहशत फैल गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए फखरपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। अहद खान और मोहम्मद सादिक की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
इस हादसे ने मेले में सुरक्षा मानकों और प्रबंधन प्रोटोकॉल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने कांच के टैंक के टूटने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।









