रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर, बाराबंकी। थाना क्षेत्र के ग्राम तौकलपुर में पिछले करीब दस दिनों से नियमों को ताक पर रखकर बड़े पैमाने पर मिट्टी का कारोबार किए जाने का आरोप है। ग्राम लोधपुरवा मजरे तौकलपुर में कथित रूप से मानकों की अनदेखी कर गहराई तक मिट्टी की खुदाई की जा रही है। इसके बाद डंपरों के जरिए मिट्टी को क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।स्थानीय लोगों के मुताबिक खनन के लिए धरती का सीना चीरकर बड़े पैमाने पर मिट्टी निकाली जा रही है। मिट्टी लदे ओवरलोड डंपर दिन-रात तेज रफ्तार से गांव और आसपास के मार्गों पर दौड़ रहे हैं। इनके गुजरने से सड़कों पर धूल के गुबार उठते हैं, जिससे राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तेज रफ्तार डंपरों से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।ग्रामीणों का आरोप है कि खुलेआम चल रहे इस कारोबार की जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे खनन से जुड़े लोगों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराकर नियम विरुद्ध हो रहे खनन और मिट्टी के कारोबार पर रोक लगाने के साथ ओवरलोड डंपरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

























