रिपोर्ट:-रीशू गुप्ता
रामसनेहीघाट बाराबंकी :- नगर पंचायत रामसनेहीघाट स्थित पायका मैदान में मंगलवार को बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल और राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण वर्चुअल माध्यम से देखा और सुना।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के लिए की गई महत्वपूर्ण घोषणाओं की जानकारी दी गई। प्रदेश की 2.91 लाख आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं तथा उनके परिवारों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की पहल को सरकार का बड़ा कदम बताया गया।
इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह तथा सहायिकाओं का मानदेय 6 हजार से बढ़ाकर 8 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की घोषणा से कार्यकत्रियों में खुशी की लहर दौड़ गई। वक्ताओं ने कहा कि मानदेय में यह बढ़ोतरी आंगनबाड़ी बहनों के आर्थिक सशक्तीकरण, सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
समारोह में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को सम्मानित भी किया गया। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकत्रियों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए खुशी जताई।
इस अवसर पर पवन सिंह रिंकू, मुलायम सिंह यादव, रूपेश प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष नीरज सिंह, पवन वर्मा, मधुकर तिवारी सहित सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।

























