रिपोर्ट:- राहुल त्रिपाठी
बाराबंकी, 15 अगस्त:- केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, लखनऊ द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज, सिरौली गौसपुर में आयोजित दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार श्री मनोज स्वतंत्र, बाराबंकी ने की।
मुख्य अतिथि बैजनाथ रावत ने कहा कि चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को स्वतंत्रता संग्राम, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान, राष्ट्र निर्माण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने का सराहनीय प्रयास किया गया है। उन्होंने युवाओं से देश के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय संबोधन में वरिष्ठ पत्रकार मनोज स्वतंत्र ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आजादी केवल इतिहास का विषय नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का संदेश है। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष से प्रेरणा लेकर शिक्षा, अनुशासन, ईमानदारी और सामाजिक सेवा को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल के भारत का नेतृत्व करेगा, इसलिए राष्ट्रप्रेम के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है।
प्रदर्शनी में स्वतंत्रता आंदोलन, स्वतंत्रता सेनानियों, राष्ट्र निर्माण एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित चित्र एवं सूचनात्मक सामग्री प्रदर्शित की गई। विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी जय सिंह ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए केंद्रीय संचार ब्यूरो के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर मंशा राम, विजय कृष्ण यादव, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज सिरौली, ग्राम प्रधान मैकूलाल कनौजिया सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थाना अध्यक्ष बदोसराय एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मेहंदी, रंगोली एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजयी प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। राष्ट्रीय कवि एवं शिक्षक प्रदीप महाजन ने ओजपूर्ण राष्ट्रभक्ति प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया।
अंत में केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से सभी अतिथियों, विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति एवं जनजागरूकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।
























