समस्याओं के समाधान न होने पर 24 अगस्त को धरने की चेतावनी !
रिपोर्ट:- राहुल त्रिपाठी
बाराबंकी :- युथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष सिकंदर अब्बास रिजवी के नेतृत्व में शुक्रवार को बिजली विभाग की विभिन्न समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने छाया चौराहे से पदयात्रा शुरू करते हुए घोसियाना स्थित विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान सैकड़ों युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यालय पहुंचकर जिलाध्यक्ष सिकंदर अब्बास रिजवी ने अधिशासी अभियंता के समक्ष क्षेत्र की बिजली समस्याएं रखीं और जल्द समाधान की मांग की। उन्होंने बताया कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर विद्युत तारों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं और बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। साथ ही ट्रांसफॉर्मर जलने के बाद ग्रामीणों से धन एकत्र किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
ज्ञापन में जर्जर तारों को तत्काल बदलने, नई बस्तियों में विद्युतीकरण के लिए खंभे लगाने और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने की मांग उठाई गई। बंकी, सिद्धौर, हैदरगढ़, सुबेहा, सतरिख, देवा, फतेहपुर, बेलहरा, रामनगर, नवाबगंज, मसौली, रामपुर और भयारा सहित कई क्षेत्रों में तार बदलने की आवश्यकता बताई गई।
इसके अलावा हैदरगढ़ तहसील के तेलवाय गांव में ट्रांसफॉर्मर जलने के मामले को उठाते हुए आरोप लगाया गया कि अवर अभियंता द्वारा ग्रामीणों से 10 हजार रुपये एकत्र करने को कहा गया। संगठन ने इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में पल्हरी गांव, नयापुरवा, जहांगीराबाद, जीतनगर और विटानियों रोड समेत कई स्थानों पर पुरानी 11 हजार वोल्ट लाइन का सर्वे कराकर सुधार कार्य करने और स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने की मांग भी की गई।
अधिशासी अभियंता ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। वहीं युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 24 अगस्त 2026 को गन्ना कार्यालय, बाराबंकी में बड़ा धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
इस दौरान सरजू शर्मा, राजेंद्र वर्मा, दिलशाद वारसी, विजय पाल गौतम, फरहान किदवई, सना मूही, तस्लीम खान, नसरीन फातिमा, गुड्डू गौतम, शुभम वाल्मीकि, तरुण बक्श, अखिलेश वर्मा, अमन खान, श्रीकांत मिश्रा, यासमीन खान, रितेश, जुनेद, विष्णु शिल्पकार, अब्दुल समद और मोहम्मद सैफ सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

























