लखनऊ पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल में छात्रों को दी गई साइबर सुरक्षा की जानकारी !
रिपोर्ट:- राहुल त्रिपाठी
बाराबंकी:- जनपद बाराबंकी में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में साइबर क्राइम सेल ने लखनऊ पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल, असेनी मोड़ में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों और स्टाफ को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। विशेष रूप से “डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड” के बारे में जागरूक किया गया, जिसमें ठग खुद को पुलिस, CBI या ED अधिकारी बताकर लोगों को डराकर ठगी करते हैं।
पुलिस टीम ने बताया कि ऐसे मामलों में अपराधी फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से व्यक्ति को किसी अपराध में फंसाने का भय दिखाते हैं और पैसे या गोपनीय जानकारी मांगते हैं।
सुरक्षा के लिए दिए गए महत्वपूर्ण सुझाव:
– अज्ञात कॉल पर खुद को अधिकारी बताने वाले पर तुरंत भरोसा न करें।
– पुलिस या अन्य एजेंसियां “डिजिटल अरेस्ट” नहीं करती हैं।
– बैंक डिटेल्स, OTP या पासवर्ड किसी से साझा न करें।
– घबराने के बजाय कॉल काटें और जानकारी की पुष्टि करें।
– किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना 1930 पर दें या नजदीकी थाने में संपर्क करें।
– शिकायत www.cybercrime.gov.in पर भी दर्ज कर सकते हैं।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर साइबर अपराधों से सुरक्षित रखना है।