Skip to main content

Naradsamvad

[post-views]

रिकॉर्ड में चढ़ गईं 15 बोरी किसान को मिली सिर्फ सात,सीएम पोर्टल पहुंची साधन सहकारी समिति की शिकायत जांच के आदेश की मांग

रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

Ad image

रामनगर, बाराबंकी। साधन सहकारी समिति रामनगर में खाद वितरण में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। कस्बे के रानी मोहल्ला निवासी किसान कृष्ण नारायण पुत्र अवध बिहारी ने आरोप लगाया है कि उन्हें समिति से केवल सात बोरी खाद दी गई, जबकि सरकारी अभिलेखों में उनके नाम पर 15 बोरी खाद का वितरण दर्शा दिया गया। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराते हुए किसान ने उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।कृष्ण नारायण के मुताबिक, उनकी करीब 21 बीघा कृषि भूमि है। कुछ दिन पहले उन्होंने रामनगर-सहादतगंज मार्ग स्थित साधन सहकारी समिति से सात बोरी खाद प्राप्त की थी। सोमवार को जब वह नियमानुसार शेष आठ बोरी खाद लेने पहुंचे तो समिति पर मौजूद कर्मियों ने यह कहकर खाद देने से इनकार कर दिया कि उनके नाम पर 15 बोरी खाद पहले ही वितरित की जा चुकी है। यह सुनकर किसान के होश उड़ गए।किसान का आरोप है कि उनके नाम पर आठ बोरी खाद किसी अन्य व्यक्ति को दे दी गई या फिर अभिलेखों में फर्जी प्रविष्टि कर सरकारी रिकॉर्ड में पूरा वितरण दिखा दिया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मांग की है कि उन्हें उनका शेष खाद उपलब्ध कराया जाए तथा यह पता लगाया जाए कि उनके नाम पर दर्ज अतिरिक्त आठ बोरी खाद आखिर किसे दी गई। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।खाद वितरण में कथित अनियमितता की शिकायत सामने आने के बाद क्षेत्र के किसानों में भी चर्चा तेज हो गई है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो ऐसे मामलों से सहकारी समितियों की पारदर्शिता पर सवाल खड़े होंगे। इस सम्बंध में कृषि नोडल अधिकारी डॉ. दलबीर सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

1506413
Total Visitors
error: Content is protected !!