बाराबंकी:- नगर पंचायत बंकी में कथित भ्रष्टाचार के मामलों को लगातार उजागर कर रहे। किसान नेता, समाजसेवी एवं जनसूचना कार्यकर्ता निहाल अहमद सिद्दीकी ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस अधीक्षक बाराबंकी से तत्काल एफआईआर दर्ज करने और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। उन्होंने आईजीआरएस के माध्यम से दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं। किसान नेता निहाल अहमद सिद्दीकी का आरोप है कि नगर पंचायत बंकी में सड़क निर्माण, नाला निर्माण समेत विभिन्न विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं और सरकारी धन के दुरुपयोग को उजागर करने के बाद कुछ लोग उन पर दबाव बना रहे हैं। उनका कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों को उठाना बंद न करने पर उन्हें जान से मारने, झूठे मुकदमों में फंसाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जा रही हैं। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग लगातार उनका पीछा कर रहे हैं और उनके घर की निगरानी भी कर रहे हैं। इससे उन्हें अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित लोगों की होगी। सामाजिक कार्यकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपित लोगों के विरुद्ध तत्काल प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। साथ ही नगर पंचायत बंकी में कथित भ्रष्टाचार और सरकारी धन के दुरुपयोग की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। गौरतलब है कि भ्रष्टाचार के मामलों को उजागर करने वालों को कथित रूप से मिल रही धमकियों ने प्रशासनिक व्यवस्था और व्हिसलब्लोअर्स की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस और प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाते हैं।