रिपोर्ट/नारद संवाद न्यूज़ एजेंसी
रामनगर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के कटियारा गांव में युवक की मौत के बाद हुए बवाल और पुलिस कार्रवाई को लेकर जनजनवादी पार्टी ने पुलिस अधीक्षक को चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। पार्टी के प्रमुख प्रदेश महासचिव सत कुमार चौधरी ने मामले की मजिस्ट्रेटी जांच कराने, निर्दोष ग्रामीणों पर कार्रवाई रोकने, कथित फर्जी मुकदमे वापस लेने तथा गांव से अतिरिक्त पुलिस व पीएसी हटाने की मांग की।ज्ञापन में कहा गया है कि युवक की मौत के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाइवे पर शव रखकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, जिसमें पथराव के दौरान इंस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मी और ग्रामीण घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी शुरू की और गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया।शनिवार को सत्य कुमार चौधरी ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच कराने और निर्दोष लोगों के खिलाफ कार्रवाई न करने की मांग उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 13 अगस्त तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।उधर, प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि गांव में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और लगातार गश्त की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया गया है। वीडियो और फोटो साक्ष्यों के आधार पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर नामजद आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
























