Naradsamvad

[post-views]

रातों-रात फट रहे भाजपा नेताओं के होर्डिंग, टिकट दावेदारों में बढ़ी तकरार

रिपोर्ट/विवेक शुक्ला

रामनगर बाराबंकी। विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही रामनगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के टिकट दावेदारों के बीच सियासी खींचतान खुलकर सामने आने लगी है। क्षेत्र में जगह-जगह लगाए जा रहे नेताओं के होर्डिंग और बैनर रातों-रात फाड़े जाने से पार्टी के भीतर नाराजगी बढ़ गई है। भाजपा नेता गौरीकांत दीक्षित ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए पुलिस से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।रामनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का टिकट पाने के लिए दो दर्जन से अधिक नेता सक्रिय हैं। संभावित प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाने के साथ बड़े-बड़े होर्डिंग और बैनर लगाकर अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं। प्रमुख चौराहों, बाजारों, सड़क किनारे बिजली के खंभों और गांवों में बड़ी संख्या में होर्डिंग लगाए गए हैं। लेकिन बीते कुछ दिनों से इन होर्डिंगों को रात के अंधेरे में फाड़ने और हटाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।भाजपा नेता गौरीकांत दीक्षित ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बुढ़वल चौराहे पर फतेहपुर मोड़ पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के चित्रों के साथ अपना एक बड़ा होर्डिंग लगवाया था। आरोप है कि शनिवार देर रात अज्ञात लोगों ने उक्त होर्डिंग को फाड़ दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।रविवार को गौरीकांत दीक्षित समर्थकों के साथ थाना रामनगर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज तथा फटे हुए होर्डिंग के फोटो पुलिस को सौंपते हुए शिकायती पत्र दिया। उन्होंने कहा कि कुछ अराजक तत्व जानबूझकर माहौल खराब करने और पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।उधर, भाजपा नेत्री अल्का मिश्रा ने भी होर्डिंग फाड़े जाने पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि उन्होंने पूरे क्षेत्र में सैकड़ों होर्डिंग लगवाए थे, लेकिन एक सप्ताह के भीतर अधिकांश होर्डिंग फाड़ दिए गए और अब इक्का-दुक्का होर्डिंग ही बचे हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत बताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।भाजपा के अन्य टिकट दावेदारों का भी कहना है कि एक दिन होर्डिंग लगाए जाते हैं और अगले दिन वे फटे हुए या गायब मिलते हैं। इससे कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है। नेताओं का कहना है कि यदि समय रहते ऐसी गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो इसका सीधा असर पार्टी की छवि और चुनावी तैयारियों पर पड़ सकता है।पुलिस ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

1144512
Total Visitors
error: Content is protected !!