रिपोर्ट/विवेक शुक्ला
रामनगर बाराबंकी।थाना क्षेत्र के ग्राम बसंतपुर में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर स्थित एक बाग में 50 वर्षीय व्यक्ति का शव फांसी के फंदे से झूलता मिला। मृतक की पहचान सुंदर पुत्र उदित नारायण के रूप में हुई है। परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए मृतक के साथ गए दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है।परिजनों के अनुसार सुंदर शुक्रवार को किसी कार्यवश दोस्तों के साथ घर से निकला था। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर स्थित उसकी ही बाग में पेड़ से लटका शव देखा, जिसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडे ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।































