Naradsamvad

[post-views]

बाराबंकी के रानीगंज में नवरात्र के सातवें दिवस पर सजा 40 फीट ऊंचा दुर्गा दरबार, उमड़ा भक्तों का सैलाब

रानीगंज में सजा 40 फीट ऊंचा दुर्गा दरबार, उमड़ा भक्तों का सैलाब

नवरात्र महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

ब्यूरो के के शुक्ला चंद्रोदय अवस्थी बाराबंकी।बाराबंकी जनपद की तहसील रामनगर के रानीगंज में शारदीय नवरात्र के सातवें दिवस पर माता दुर्गा का भव्य दरबार सजाया गया। इस अवसर पर लगभग 40 फीट ऊंचे कृत्रिम पहाड़ पर माता की प्रतिमा स्थापित की गई, जिसे रंग-बिरंगी इलेक्ट्रिक लाइटों से सजाया गया। पूरा पंडाल जगमगाते प्रकाश से आलोकित हो उठा। माता के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु महिलाएं, पुरुष और बच्चे कतारबद्ध होकर पहुंचे और लकड़ी से बने पहाड़ पर चढ़कर माता के दर्शन किए। दरबार को हरदोई और सीतापुर के कलाकारों ने विशेष रूप से तैयार किया था।

रानीगंज में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 36वां विशाल मानव दुर्गा जागरण महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। स्वर्गीय ठाकुर भगौती सिंह स्मारक क्षेत्रीय दुर्गा जागरण समिति द्वारा आयोजित इस महोत्सव में नौ दिनों तक धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जा रहे हैं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख बृजपाल सिंह उर्फ ज्ञानू सिंह के नेतृत्व में समिति के कार्यकर्ता दिन-रात आयोजन की तैयारी में जुटे हैं। यहां प्रतिदिन गरीब कन्याओं का विवाह भी संपन्न कराया जाता है।

नवरात्र के सातवें दिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विश्व स्तरीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। राजस्थान के प्रसिद्ध कलाकार रामू मारवाड़ी और वीरू नागौरी ने राजस्थानी नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे देखकर दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठे। पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया।

महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी रामनगर पुलिस ने संभाली। वहीं समिति के महामंत्री दुर्गेश कुमार मिश्रा समेत सुशील कुमार तिवारी, रणधीर सिंह, सौरभ यदुवंशी और अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। धार्मिक और सामाजिक समरसता का प्रतीक बन चुका यह आयोजन अब रानीगंज ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है।

 

अन्य खबरे

गोल्ड एंड सिल्वर

Our Visitors

323006
Total Visitors
error: Content is protected !!