शाहजहांपुर पुलिस ने रंगदारी के मामले में फरार दो बर्खास्त कांस्टेबलों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इन पुलिसकर्मियों पर एक स्थानीय कारोबारी से रंगदारी मांगने का आरोप है।
आरोप है कि इन लोगों ने व्यापारी सुंदरम को फर्जी स्मैक केस में फंसाने की धमकी देकर उनसे दो लाख रुपये वसूले थे। इस घटना में तिलहर थाने में तैनात चार कांस्टेबल शामिल थे।
मामला पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आने के बाद चारों के खिलाफ FIR दर्ज की गई और विभागीय जांच के बाद उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं। पंकज और वीरेंद्र नाम के दो आरोपी कांस्टेबलों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
फरार आरोपियों की संपत्ति होगी कुर्क
मेरठ निवासी तुषार और अरुण इस घटना के बाद से फरार चल रहे हैं। पुलिस ने इन दोनों को पकड़ने के लिए कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों ने हाईकोर्ट में शरण ली, लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिली।
अब पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कुर्की की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही कोर्ट से वारंट जारी कर उनकी संपत्तियां कुर्क की जाएंगी।
जलालबाद सर्कल ऑफिसर (CO) दीपक कुमार ने बताया कि आरोपियों के परिवार भी जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। जब पुलिस टीम नोटिस लेकर उनके घर गई, तो परिवार वालों ने घर पर चिपकाए गए नोटिस को फाड़ दिया। पुलिस ने इस हरकत को गंभीरता से लिया है और इसे जांच का हिस्सा बना लिया है।









